महिला प्रीमियर लीग 2027 के लिए पांचों फ्रेंचाइजियों ने अपनी रिटेंशन और रिलीज खिलाड़ियों की लिस्ट जारी कर दी है। इस बार कुल 63 खिलाड़ियों को टीमों ने बरकरार रखा है, जबकि कई बड़े नामों को रिलीज कर दिया गया है। सबसे ज्यादा चर्चा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Royal Challengers Bengaluru) के फैसले की हो रही है, जिसने खिताबी टीम का हिस्सा रहीं ग्रेस हैरिस (Grace Harris) और लिंसी स्मिथ (Linsey Smith) को रिलीज कर दिया। वहीं एलिस पेरी (Ellyse Perry) की वापसी ने टीम के समीकरण को और दिलचस्प बना दिया है।
आरसीबी ने लिया ऐसा फैसला, जिसे देखकर हर कोई रह गया हैरान
आरसीबी ने कुल 13 खिलाड़ियों को रिटेन किया है। इनमें स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana), ऋचा घोष (Richa Ghosh), श्रेयंका पाटिल (Shreyanka Patil), पूजा वस्त्राकर (Pooja Vastrakar) और राधा यादव (Radha Yadav) जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।
लेकिन टीम ने ग्रेस हैरिस, लिंसी स्मिथ, डी हेमलता (D Hemalatha) और गौतमी नाइक (Gautami Naik) को रिलीज कर दिया। खास बात यह है कि एलिस पेरी अगले सीजन के लिए उपलब्ध हैं और उन्हें टीम ने रिटेन किया है। आरसीबी के पास अब नीलामी में पांच स्लॉट भरने के लिए बचे हैं।
मुंबई और दिल्ली ने भी किए बड़े बदलाव
मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) ने 11 खिलाड़ियों को बरकरार रखा है। कप्तान हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur), अमेलिया केर (Amelia Kerr), हेली मैथ्यूज (Hayley Matthews) और नताली स्काइवर-ब्रंट (Natalie Sciver-Brunt) टीम के साथ बनी हुई हैं। हालांकि जी कमालिनी (G Kamalini), साइका इशाक (Saika Ishaque) समेत छह खिलाड़ियों को रिलीज किया गया है।
दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) ने 13 खिलाड़ियों को रिटेन किया, जिसमें जेमिमा रोड्रिग्स (Jemimah Rodrigues), शेफाली वर्मा (Shafali Verma), लॉरा वोलवार्ट (Laura Wolvaardt) और मारिजेन कैप (Marizanne Kapp) शामिल हैं। वहीं लिजेल ली (Lizelle Lee), स्नेह राणा (Sneh Rana) और अलाना किंग (Alana King) रिलीज खिलाड़ियों में हैं।
यूपी ने सबसे ज्यादा खिलाड़ी छोड़े, गुजरात ने बचाई अपनी टीम
यूपी वॉरियर्स (UP Warriorz) ने सबसे ज्यादा नौ खिलाड़ियों को रिलीज किया है। इनमें दींद्रा डॉटिन (Deandra Dottin), किरण नवगिरे (Kiran Navgire), श्वेता सहरावत (Shweta Sehrawat) और च्लोए ट्रायन (Chloe Tryon) जैसे नाम शामिल हैं। टीम ने 11 खिलाड़ियों को रिटेन किया है और उसके पास नीलामी के लिए 3.65 करोड़ रुपये का सबसे बड़ा पर्स है।
गुजरात जायंट्स (Gujarat Giants) ने सबसे ज्यादा 15 खिलाड़ियों को रिटेन किया है और सिर्फ चार खिलाड़ियों को रिलीज किया। डब्ल्यूपीएल 2027 की नीलामी 28 अक्टूबर को कोच्चि में होगी, जहां कुल 27 स्लॉट उपलब्ध होंगे। नया सीजन 14 जनवरी से 7 फरवरी 2027 तक खेला जाएगा।
