Asian Champions Trophy : भारत और पाकिस्तान के बीच खेल मुकाबला हो और चर्चा न हो, ऐसा कम ही देखने को मिलता है। अब दोनों पड़ोसी देशों के बीच एक और हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिलेगा। पाकिस्तान की हॉकी टीम एशियन चैंपियंस ट्रॉफी ((Asian Champions Trophy)) के लिए भारत का दौरा करेगी। टूर्नामेंट का आयोजन पंजाब में किया जाएगा और भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत की तारीख भी तय हो गई है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पाकिस्तान के टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की पुष्टि की है।
एक नवंबर को आमने-सामने होंगी भारत-पाकिस्तान की टीमें
एशियन चैंपियंस ट्रॉफी (Asian Champions Trophy) में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला एक नवंबर को खेला जाएगा। यह मैच जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में होगा। दोनों टीमों के बीच मुकाबले को लेकर अभी से माहौल बनने लगा है, क्योंकि भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत हमेशा दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहती है।
पाकिस्तान हॉकी टीम की भारत यात्रा इसलिए भी खास है क्योंकि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय खेल संबंधों पर लंबे समय से रोक है। हालांकि, बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में दोनों देशों की टीमें एक-दूसरे के खिलाफ खेल सकती हैं। इसी नीति के तहत पाकिस्तान को भारत आने की अनुमति मिली है।
27 अक्टूबर से शुरू होगा टूर्नामेंट
एशियन चैंपियंस ट्रॉफी (Asian Champions Trophy) का आयोजन 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक होगा। टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के अलावा चीन, जापान, मलेशिया और दक्षिण कोरिया की टीमें भी हिस्सा लेंगी। शुरुआती चरण के मुकाबले जालंधर में खेले जाएंगे, जबकि सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले मोहाली में होंगे। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 27 अक्टूबर को दक्षिण कोरिया के खिलाफ करेगी। इसके बाद 29 अक्टूबर को चीन, 30 अक्टूबर को मलेशिया, एक नवंबर को पाकिस्तान और 2 नवंबर को जापान के खिलाफ मुकाबला होगा।
पंजाब में लौटेगा भारत-पाकिस्तान मुकाबले का रोमांच
भारत और पाकिस्तान की हॉकी टीमें आखिरी बार 2023 में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी (Asian Champions Trophy) के दौरान आमने-सामने आई थीं, जहां भारतीय टीम ने शानदार जीत दर्ज की थी। अब करीब तीन साल बाद दोनों टीमें फिर भिड़ेंगी। टूर्नामेंट का सेमीफाइनल 4 नवंबर और फाइनल 5 नवंबर को मोहाली में खेला जाएगा। ऐसे में अगर भारत और पाकिस्तान दोनों आगे बढ़ते हैं, तो नॉकआउट चरण में भी एक और मुकाबले की संभावना बन सकती है।
ALSO READ : मैदान पर मुस्कुराने वाली स्मृति मंधाना का छलका दर्द! बोलीं- अकेले में वॉशरूम या शॉवर में रो लेती हूं
