प्रयागराज: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को प्रयागराज के दौरे पर पहुंच रहे हैं। उनका मुख्य कार्यक्रम इलाहाबाद हाईकोर्ट परिसर स्थित क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अधिवक्ता अभिनंदन एवं सम्मान समारोह में शामिल होना है।
कार्यक्रम को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह है और बार एसोसिएशन से जुड़े लोगों को मुख्यमंत्री की ओर से किसी बड़ी सौगात की उम्मीद है।
शाम चार बजे सम्मान समारोह में सम्मिलित होंगे CM योगी
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर करीब 3:45 बजे प्रयागराज पहुंचेंगे। इसके बाद वह हाईकोर्ट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। समारोह शाम करीब चार बजे शुरू होगा। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री लगभग 5:10 बजे लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
समारोह में इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायमूर्ति अरुण भंसाली विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश पांडे करेंगे, जबकि महासचिव अखिलेश कुमार शर्मा संचालन करेंगे।
700 करोड़ की परियोजना से जुड़ी अहम घोषणा
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि हाईकोर्ट परिसर में मल्टीलेवल पार्किंग और अधिवक्ता कक्ष का निर्माण करीब 700 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। बार एसोसिएशन के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मुख्य न्यायाधीश संयुक्त रूप से नए अधिवक्ता कक्ष की चाबी का सांकेतिक हस्तांतरण करेंगे। इसके बाद चैंबर के आवंटन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
अधिवक्ताओं के लिए नए चैंबर की सुविधा लंबे समय से महत्वपूर्ण मांगों में शामिल रही है। ऐसे में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान इससे जुड़ी औपचारिकता पूरी होना उनके लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सख्त
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रयागराज पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड से लेकर हाईकोर्ट परिसर तक सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। दो डीसीपी और छह डिप्टी एसीपी समेत पीएसी, आरएएफ और अन्य पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
वहीं, कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिवक्ताओं से कानपुर रोड पर वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की गई है। वाहनों को न्यू मल्टीलेवल पार्किंग में खड़ा करने की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री के दौरे और बार एसोसिएशन के इस समारोह पर अब सभी की नजरें टिकी हैं कि अधिवक्ताओं की उम्मीदों के अनुरूप उन्हें कौन-सी नई सौगात या घोषणा मिलती है।
ALSO READ: भारतीय महिला टीम ने जीता एशिया कप 2026 तो CM योगी ने भारत की बेटियों को बधाई देते हुए कही ये बात
