मुंबई क्रिकेट टीम (Mumbai cricket team) ने रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन से पहले बड़ा फैसला लिया है। 42 बार की रणजी चैंपियन मुंबई ने शार्दुल ठाकुर (Shardul Thakur) को कप्तानी से हटाकर अनुभवी बल्लेबाज सिद्धेश लाड (Siddhesh Lad) को टीम की कमान सौंप दी है। लाड के लिए यह जिम्मेदारी इसलिए भी खास है क्योंकि पिछले रणजी सीजन में उन्होंने बल्ले से जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 774 रन बनाए थे।
774 रन और 5 शतक, पिछले सीजन मचाया था धमाल
सिद्धेश लाड ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 में मुंबई के लिए शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 8 मुकाबलों में 77.40 की बेहतरीन औसत से 774 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 5 शतक और 1 अर्धशतक निकला। यही वजह रही कि वह पिछले सीजन मुंबई के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
लाड की बल्लेबाजी की सबसे बड़ी खासियत दबाव में धैर्य बनाए रखना है। घरेलू क्रिकेट में उन्हें मुंबई का ‘क्राइसिस मैन’ भी कहा जाता है। 2025-26 सीजन में उन्होंने लगातार चार प्रथम श्रेणी शतक भी लगाए थे, जिससे उनकी शानदार फॉर्म का अंदाजा लगाया जा सकता है।
कौन हैं सिद्धेश लाड?
34 साल के सिद्धेश लाड (Siddhesh Lad) मुंबई के अनुभवी दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। उन्होंने नवंबर 2013 में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया था। अब तक उनके नाम 82 फर्स्ट क्लास मैचों में 5,623 रन और 15 शतक दर्ज हैं। लिस्ट-ए और टी20 क्रिकेट को जोड़ दें तो घरेलू क्रिकेट में उनके 8 हजार से ज्यादा रन हो चुके हैं।
लाड पहले मुंबई के अलावा गोवा के लिए भी खेल चुके हैं, लेकिन 2024-25 में मुंबई की टीम में लौटने के बाद उन्होंने खुद को एक बार फिर साबित किया। पिछले सीजन शार्दुल ठाकुर की गैरमौजूदगी में उन्होंने मुंबई की कप्तानी भी संभाली थी।
शार्दुल ठाकुर की जगह क्यों हुआ बदलाव?
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने शार्दुल ठाकुर को कप्तानी से हटाने का फैसला मुख्य रूप से वर्कलोड मैनेजमेंट को ध्यान में रखते हुए किया है। शार्दुल टीम में अहम तेज गेंदबाज की भूमिका निभाते रहेंगे, जबकि कप्तानी की जिम्मेदारी अब सिद्धेश लाड के कंधों पर होगी।
मुंबई का रणजी ट्रॉफी 2026-27 अभियान 11 अक्टूबर से शुरू होगा, जहां टीम का पहला मुकाबला चंडीगढ़ के खिलाफ होगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि बल्ले से कमाल करने वाले सिद्धेश लाड कप्तानी में मुंबई को एक और रणजी खिताब दिला पाते हैं या नहीं।
ALSO READ : कॉस्मेटिक सर्जरी से मत करो… पद छोड़ते ही पीसीबी पर भड़के मिस्बाह उल हक, पाकिस्तान क्रिकेट की उड़ाई धज्जियां
