दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में ईस्ट जोन के लिए खेल रहे युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार कुशाग्र (Kumar Kushagra) ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से खूब सुर्खियां बटोरी हैं। साउथ जोन के खिलाफ चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे फाइनल के दूसरे दिन कुशाग्र ने 132 गेंदों में 101 रन की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 8 चौके और 5 छक्के निकले। यह दलीप ट्रॉफी में उनका पहला शतक और फर्स्ट क्लास क्रिकेट करियर का छठा शतक है।
ईशान किशन के साथ मिलकर मचाया धमाल
कुमार कुशाग्र ने अपनी पारी की शुरुआत पहले दिन 63 रन नाबाद से की थी। दूसरे दिन उन्होंने उसी लय को बरकरार रखा और कप्तान ईशान किशन (Ishan Kishan) के साथ मिलकर साउथ जोन के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 230 रनों की शानदार साझेदारी हुई। ईशान किशन ने भी इस मुकाबले में बल्ले से जबरदस्त प्रदर्शन किया और ईस्ट जोन को बड़े स्कोर की तरफ पहुंचाया।
कुशाग्र का शतक पूरा होते ही उनका सेलिब्रेशन भी चर्चा में आ गया। उन्होंने बल्ले को वायलिन की तरह बजाने के अंदाज में जश्न मनाया। हालांकि शतक पूरा करने के कुछ ही देर बाद वह 101 रन पर त्रिपुराना विजय (Tripurana Vijay) की गेंद पर आउट हो गए।
कौन हैं Kumar Kushagr?
कुमार कुशाग्र का जन्म 23 अक्टूबर 2004 को झारखंड के बोकारो में हुआ था। वह दाएं हाथ के बल्लेबाज होने के साथ-साथ विकेटकीपिंग भी करते हैं। घरेलू क्रिकेट में वह झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हैं और ईस्ट जोन की टीम का भी हिस्सा हैं। कुशाग्र ने कम उम्र में ही अपनी बल्लेबाजी की क्षमता का परिचय दे दिया था। रणजी ट्रॉफी के अपने शुरुआती दौर में उन्होंने नागालैंड के खिलाफ 266 रनों की शानदार पारी खेलकर सबका ध्यान खींचा था। इसके बाद उनकी प्रतिभा पर आईपीएल फ्रेंचाइजियों की भी नजर पड़ी।
2024 में IPL टीम दिल्ली कैपिटल्स का था हिस्सा :
2024 में दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) ने उन्हें आईपीएल नीलामी में 7.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। इसके बाद 2025 से वह गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) का हिस्सा हैं। दलीप ट्रॉफी फाइनल में 101 रन की यह पारी कुशाग्र के लिए बेहद अहम है। 21 साल की उम्र में घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन के जरिए वह भारतीय क्रिकेट में अपनी दावेदारी मजबूत कर रहे हैं।
ALSO READ : वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज से श्रेयस अय्यर का कटा पत्ता, ये धाकड़ बल्लेबाज लेगा टीम में उनकी जगह
