Posted inउत्तर प्रदेश, न्यूज, राजनीति

‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बड़ा आह्वान, 5 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने का रखा लक्ष्य

Har Ghar Tiranga
News on WhatsAppJoin Now

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा (Har Ghar Tiranga)’ अभियान को जनभागीदारी का सबसे बड़ा राष्ट्रभक्ति अभियान बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने प्रदेश में 5 करोड़ घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए सभी विभागों और संस्थानों को अभियान से सक्रिय रूप से जुड़ने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभक्ति, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और भारत के गौरवशाली इतिहास से प्रत्येक नागरिक को जोड़ने का अभियान है। स्वतंत्रता दिवस और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की तैयारियों की समीक्षा बैठक में उन्होंने व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

Har Ghar Tiranga में हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ‘हर घर तिरंगा (Har Ghar Tiranga)’ में सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी, सहायता प्राप्त संस्थानों, ग्राम पंचायतों, स्थानीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और सामाजिक संगठनों में तिरंगा फहराया जाए। साथ ही स्वयं सहायता समूहों, खादी एवं ग्रामोद्योग संस्थाओं, एमएसएमई इकाइयों और स्थानीय उत्पादन केंद्रों को राष्ट्रीय ध्वज के निर्माण एवं वितरण से जोड़ा जाए।

उन्होंने कहा कि राशन की दुकानों, जन सेवा केंद्रों, डाकघरों, विद्यालयों, पंचायत भवनों और पेट्रोल पंपों पर तिरंगा आसानी से उपलब्ध कराया जाए, ताकि हर नागरिक इस अभियान में भाग ले सके।

तिरंगा रैली, प्रदर्शनी और ‘सेल्फी विद तिरंगा’ होंगे आकर्षण

‘हर घर तिरंगा (Har Ghar Tiranga)’ अभियान के तहत पूरे प्रदेश में तिरंगा रैली, तिरंगा संगीत समारोह, तिरंगा प्रदर्शनी, रंगोली प्रतियोगिता, प्रकाश सज्जा और ‘सेल्फी विद तिरंगा’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रमुख सरकारी भवनों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, हवाई अड्डों और सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा थीम से सजाया जाएगा। विद्यालयों और महाविद्यालयों में स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित चित्र प्रदर्शनी, वंदे मातरम् गायन, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि 14 और 15 अगस्त को प्रदेश के सभी सिनेमाघरों में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का प्रसारण सुनिश्चित किया जाए।

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर भी होंगे विशेष आयोजन

मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 अगस्त को काकोरी दिवस और 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पूरे सम्मान और गरिमा के साथ मनाया जाए। इसके अलावा 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर प्रत्येक जिला मुख्यालय में विशेष प्रदर्शनी और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विभाजन से प्रभावित परिवारों, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों तथा विभिन्न समुदायों को इन आयोजनों में आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री का कहना है कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना से जोड़ना है। राज्य सरकार को उम्मीद है कि इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ अभियान जनआंदोलन का रूप लेकर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत करेगा।

Read More : कई योजना को लेकर योगी सरकार का बड़ा ऐलान, प्रदेश को मिलेगा 25 हजार करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट