लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल सीजन 16 (Indian Idol Season 16)’ को अपना विजेता मिल गया है। ओडिशा की 24 वर्षीय गायिका ज्योतिर्मयी नायक (Jyotirmayee nayak) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीजन की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। ग्रैंड फिनाले में उन्होंने अन्य फाइनलिस्ट को पीछे छोड़कर खिताब जीता। विजेता बनने के साथ ज्योतिर्मयी को ट्रॉफी और 20 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिली।
उनकी जीत इसलिए भी खास है क्योंकि वह इंडियन आइडल का खिताब जीतने वाली ओडिशा की पहली प्रतियोगी बनी हैं। करीब 10 महीने तक चले इस सफर में उन्होंने अपनी आवाज से जजों और दर्शकों को प्रभावित किया।
Indian Idol 16 में तनिष्क शुक्ला रही रनर-अप
ग्रैंड फिनाले में ज्योतिर्मयी (Jyotirmayee nayak) के साथ अंशिका चोनकर, मनराज वीर सिंह, मिस्कमी बोसु, सुहैल सूफी और तनिष्क शुक्ला खिताब की दौड़ में शामिल थे। आखिर में ज्योतिर्मयी विजेता बनीं, जबकि जबलपुर के तनिष्क शुक्ला रनर-अप रहे। पूरे सीजन में ज्योतिर्मयी ने अलग-अलग शैली के गाने गाकर अपनी गायकी का हुनर दिखाया। फिनाले में भी उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों का ध्यान खींचा। शो के इस सीजन को श्रेया घोषाल, विशाल ददलानी और बादशाह ने जज किया। हालांकि ग्रैंड फिनाले में विशाल ददलानी मौजूद नहीं थे।
संगीत के जरिए मरीजों की मदद कर चुकी हैं ज्योतिर्मयी
ज्योतिर्मयी (Jyotirmayee nayak) का संगीत से रिश्ता केवल मंच पर प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहा है। इंडियन आइडल में आने से पहले वह म्यूजिक थेरेपी से भी जुड़ी रही हैं और संगीत के जरिए कैंसर मरीजों की मदद करने का काम कर चुकी हैं। उनकी यही पृष्ठभूमि उनके सफर को खास बनाती है। शो में पहुंचने के बाद उन्होंने लगातार अपनी गायकी को बेहतर किया और अलग-अलग चुनौतियों का सामना करते हुए फिनाले तक पहुंचीं। जीत के बाद ज्योतिर्मयी ने अपने सफर को जिंदगी बदलने वाला अनुभव बताया और समर्थन करने वाले दर्शकों का आभार जताया।
आलिया और दीपिका के लिए गाना चाहती हैं ज्योतिर्मयी
इंडियन आइडल (Indian Idol) की ट्रॉफी जीतने के बाद ज्योतिर्मयी की नजर अब बॉलीवुड में प्लेबैक सिंगिंग पर है। जीत के बाद उन्होंने अपने भविष्य के सपने के बारे में बात करते हुए बताया कि वह बॉलीवुड अभिनेत्रियों आलिया भट्ट और दीपिका पादुकोण के लिए गाना पसंद करेंगी। इंडियन आइडल की जीत उनके संगीत करियर के लिए बड़ा मौका साबित हो सकती है।
राष्ट्रीय मंच पर मिली पहचान के बाद उनके लिए फिल्मों और संगीत जगत में नए अवसर खुलने की उम्मीद है। ओडिशा से निकलकर देश के बड़े सिंगिंग मंच की विजेता बनने तक का उनका सफर अब उनके करियर के नए अध्याय की शुरुआत बन गया है।
Read More : नीरज ग्रोवर केस में जेल से रिहा हुई अभिनेत्री मारिया सुसईराज, जानिए घटना के बाद अब कहां और क्या कर रही ?
