Posted inउत्तर प्रदेश, न्यूज, राजनीति

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर पहुच कर विकास कार्यों की समीक्षा, दिए सख्त निर्देश……

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
News on WhatsAppJoin Now

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर दौरे के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। गोरखनाथ मंदिर में आयोजित इस बैठक में उन्होंने शहर और आसपास चल रही विकास परियोजनाओं तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से कहा कि छोटी-से-छोटी घटनाओं पर भी नजर रखी जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शांति और सुरक्षा बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को सतर्क रहकर काम करने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश दिए।

विकास परियोजनाओं की प्रगति पर लिया अपडेट

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में चल रही कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने उन्हें विरासत गलियारा, पादरी बाजार ओवरब्रिज और पिपराइच फोरलेन मार्ग सहित अन्य परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।

उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से नियमित निगरानी रखने और प्रोजेक्ट की प्रगति पर लगातार रिपोर्ट देने को कहा।

प्रभावित लोगों को जल्द मिले मुआवजा

सीएम योगी ने उन लोगों के मुद्दों पर भी चर्चा की जिनकी जमीन या संपत्ति विकास परियोजनाओं के दायरे में आ रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाए ताकि परियोजनाओं के काम में किसी प्रकार की बाधा न आए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ लोगों के हितों की भी पूरी तरह रक्षा होनी चाहिए। प्रशासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

अतिक्रमण हटाने और निवेश को बढ़ावा देने पर जोर

बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था और अतिक्रमण के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने नगर निगम और संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज की जाए और शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया जाए।

इसके साथ ही उन्होंने उद्योग और निवेश से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की। अधिकारियों से कहा गया कि उद्यमियों को किसी तरह की समस्या न हो और निवेश को बढ़ावा देने के लिए सकारात्मक माहौल बनाया जाए।

गुरु गोरक्षनाथ के दर्शन भी किए

गोरखपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले गोरखनाथ मंदिर में भगवान गुरु गोरक्षनाथ के दर्शन-पूजन किए और अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास और प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन, विकास और कानून-व्यवस्था को मजबूत रखना ही सरकार का मुख्य लक्ष्य है और इसके लिए प्रशासन को पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ काम करना होगा।

Read More : काशी विश्वनाथ धाम को लेकर सीएम योगी का सख्त निर्देश, श्रद्धालुओं से दुर्व्यवहार बर्दाश्त नही