महाराष्ट्र में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने चार नेताओं को उम्मीदवार बनाया है, जिनमें अनुभवी नेताओं के साथ-साथ नए चेहरों को भी मौका दिया गया है। इस घोषणा के साथ ही राज्य की राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं और चुनावी समीकरण भी स्पष्ट होने लगे हैं।
इन नेताओं को मिला टिकट
भाजपा ने महाराष्ट्र से राज्यसभा के लिए जिन चार नेताओं को उम्मीदवार बनाया है, उनमें केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, माया चिंतामण ईवनाते और रामराव वडकुते शामिल हैं। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने इन नामों को मंजूरी दी है।
रामदास अठावले रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले गुट) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री हैं। उन्हें एक बार फिर राज्यसभा भेजने का फैसला किया गया है। वहीं विनोद तावड़े भाजपा के वरिष्ठ नेता और संगठन में अहम भूमिका निभाते रहे हैं। माना जा रहा है कि उन्हें पहली बार राज्यसभा में भेजकर पार्टी संगठन को संसद में मजबूत करना चाहती है।
माया चिंतामण ईवनाते नागपुर की पूर्व मेयर रह चुकी हैं और उन्हें पार्टी के आदिवासी चेहरे के रूप में देखा जाता है। वहीं रामराव वडकुते भी महाराष्ट्र की राजनीति में सक्रिय नेता रहे हैं और संगठन में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।
महाराष्ट्र में चुनावी गणित
महाराष्ट्र से राज्यसभा की कुल सात सीटों पर चुनाव होना है। राज्य की 288 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा और उसके सहयोगियों का मजबूत बहुमत है, जिसके कारण महायुति गठबंधन के अधिकांश उम्मीदवारों के जीतने की संभावना मानी जा रही है। इसी वजह से भाजपा अपने चारों उम्मीदवारों को आसानी से राज्यसभा भेजने की स्थिति में दिखाई दे रही है।
राज्यसभा की इन सीटों पर चुनाव 16 मार्च को होने हैं। उसी दिन मतदान के बाद मतगणना भी की जाएगी। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च तय की गई है।
Read More : यूपी में योगी सरकार का फरमान, जिम सेंटर में लड़कियों के लिए महिला ट्रेनर अनिवार्य
