capitals vs kings

Legends League Cricket 2022 में गौतम गंभीर की इंडिया कैपिटल्स ने बुधवार रात (21 सितंबर) को इरफ़ान पठान की भीलवाड़ा किंग्स को 78 रनों से हराकर इस सीज़न की अपनी पहली जीत दर्ज की। 

इंडिया कैपिटल्स ने बनाया विशाल स्कोर

इंडिया कैपिटल्स टॉस हार गई, जिसके बाद उन्हें पहले बल्लेबाजी करने के लिए कहा गया। सीज़न का अपना पहला मैच खेल रहे गौतम गंभीर जल्दी आउट हुए और उन्होंने 9 गेंदों में 12 रनों की पारी खेली। वह अपनी छोटी पारी में अच्छे दिखे। 

इंडिया कैपीटल्स के लिए मैच में सोलोमन मायर छा गए, जिन्होंने 38 गेंदों में 82 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 6 छक्के शामिल थे। उनकी पारी से टीम 20 ओवर में 198/5 का स्कोर बना पाई। 

मायर के अलावा जिम्बाब्वे के एक और खिलाड़ी ने 48 रनों की शानदार पारी खेली। वह हैमिल्टन मजाकादजा थे। उन्होंने अपनी पारी में लाजवाब शॉट खेले। हैमिल्टन ने सिर्फ 30 गेंदों में 48 रन बनाए जिसमें 6 चौके और 1 छक्का शामिल था। इन दो पारियों से इंडिया कैपिटल ने बड़ा स्कोर बनाया।

सस्ते में निपट गई भीलवाड़ा किंग्स

लक्ष्य का पीछा करते हुए किंग्स के लिए निक कॉम्पटन 2 गेंदों में मात्र 1 रन पर आउट हो गए। सलामी बल्लेबाज नमन ओझा ने 13 गेंदों में 20 रन बनाए और ज्यादा देर टिक नहीं पाए। किंग्स के लिए मैट प्रायर, युसूफ पठान जैसे सितारे भी फेल रहे। 

राजेश बिश्नोई ने कुछ शॉट लगाने का प्रयास किया पर वह 15 रन पर आउट हो गए। इरफान पठान और तन्मय श्रीवास्तव ने क्रीज पर समय बिताया और रन जोड़ने की कोशिश की। इरफान 17 रन बनाए और आउट हो गए, वहीं श्रीवास्तव ने 27 रन बनाए। 

इसके बाद सभी खिलाड़ी अपना विकेट गंवाते गए और टीम 120 पर ऑल आउट हो गई। इंडिया कैपिटल्स के लिए प्रवीण तांबे, पंकज सिंह और रजत भाटिया ने 2 विकेट लिए। वहीं, एश्ले नर्स, लियाम प्लंकेट, फरवीज मेहरूफ और प्रवीण गुप्ता ने एक एक विकेट लिया। 

ALSO READ: IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया से पहला टी20 हारने के बाद राहुल द्रविड़ ने उठाया बड़ा कदम, BCCI के सामने रख दीं ये 2 मांग

इंडिया कैपिटल्स ने जीता अपना पहला मैच

इस जीत ने इंडिया कैपिटल्स को अब तक टूर्नामेंट में 1 जीत और 1 हार के बाद अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंचा दिया है। भीलवाड़ा किंग्स तीसरे स्थान पर है और उनकी भी 1 जीत और 1 हार है। 

उनका एनआरआर (-1.817) इंडिया कैपिटल्स (1.666) की तुलना में खराब है और इसलिए वे गौतम गंभीर एंड कंपनी से फिलहाल पीछे हैं।

ALSO READ: आशीष नेहरा ने बताया क्यों आईपीएल में गुजरात टाइटंस के लिए फ्लॉप रहे मैथ्यू वेड और ऑस्ट्रेलिया के लिए बने मैच विनर

Published on September 22, 2022 7:20 am