आईपीएल 2022 का 51वाँ मैच गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला गया. इस मैच में गुजरात ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया. जिसके बाद पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी मुंबई की टीम ने 20 ओवरों में 6 विकेट के नुक़सान पर 177 रन बनाए.
दूसरी पारी में बल्लेबाज़ी करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम पूरे 20 ओवर खेल कर 5 विकेट के नुक़सान पर 172 रन ही बना सकी और 5 रन से ये मैच हार गई. इस मैच में बल्लेबाज़ों के प्रदर्शन के बाद ऑरेंज कैप की रेस के समीकरण में भी बदलाव आया है. इसी सिलसिले में इस आर्टिकल में हम बात करेंगे ऑरेंज कैप की रेस में टॉप 5 बल्लेबाज़ों के बारे में.
हार्दिक पांड्या ने की ऑरेंज कैप रेस में एंट्री
मुंबई के ख़िलाफ़ मैच में 24 रनों की पारी खेलते ही गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या ने ऑरेंज कैप की रेस में एंट्री कर ली है. इसी के साथ अब वो कुल 333 रनों के आँकड़े के साथ टॉप 5 में पांचवें नंबर पर पहुंच गए हैं. अभी तक आईपीएल 2022 में पांड्या ने 41.62 के बल्लेबाज़ी औसत से रन बनाए हैं.
इसके अलावा दिल्ली के लिए खेलने वाले सीनियर ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज़ डेविड वॉर्नर 8 मैचों में 59.33 के बल्लेबाज़ी औसत के साथ कुल 356 रन बना कर चौथे नंबर पर मौजूद हैं.
शीर्ष पर बरकरार हैं बटलर, केएल राहुल भी दूसरे नंबर पर
वहीं, पंजाब किंग्स के सीनियर सलामी बल्लेबाज़ शिखर धवन 10 मैचों में 46.12 के औसत के साथ 369 रन बना कर तीसरे स्थान पर मौजूद हैं. शिखर धवन ने आईपीएल 2022 के कई मैचों में पंजाब के लिए मैच विनिंग पारियाँ खेल कर टीम को प्लेऑफ़ की रेस में बरकरार रखने में अहम भूमिका निभाई है.
राजस्थान रॉयल्स के सीनियर बल्लेबाज़ जोस बटलर 588 रनों के सबसे बड़े आँकड़े के साथ इस लिस्ट में पहले नंबर पर बरकरार हैं. उन्होंने अभी तक टूर्नामेंट में 3 शतक और 3 अर्धशतक लगाए हैं. इसके अलावा लखनऊ के कप्तान केएल राहुल 451 रनों के आँकड़े के साथ दूसरे स्थान पर बने हुए हैं.
ऑरेंज कैप प्वॉइंट्स टेबल
POS | PLAYER | MATCHES | INNS | RUNS | AVG | SR | 4S | 6S |
---|---|---|---|---|---|---|---|---|
1 | जोस बटलर | 10 | 10 | 588 | 65.33 | 150.77 | 50 | 36 |
2 | केएल राहुल | 10 | 10 | 451 | 56.38 | 145.02 | 38 | 20 |
3 | शिखर धवन | 10 | 10 | 369 | 46.12 | 124.66 | 38 | 9 |
4 | डेविड वॉर्नर | 8 | 8 | 356 | 59.33 | 156.83 | 45 | 12 |
5 | हार्दिक पांड्या | 10 | 10 | 333 | 41.62 | 134.27 | 36 | 8 |