IPL 2025: डेविड वॉर्नर, जो आईपीएल के सबसे सफल खिलाड़ियों में से एक हैं, 2025 के मेगा ऑक्शन में अनसोल्ड रह गए थे। दिल्ली कैपिटल्स के लिए 2024 का सीजन उनके लिए निराशाजनक रहा, जिसके चलते उन्हें इस बार किसी भी फ्रेंचाइज़ी ने नहीं खरीदा। लेकिन क्रिकेट की दुनिया में किस्मत कब बदल जाए, कहा नहीं जा सकता। IPL 2025 में अनदेखी के बाद वॉर्नर की किस्मत अचानक चमकी और उन्हें एक बड़ी टी20 लीग में न सिर्फ मौका मिला, बल्कि एक अहम जिम्मेदारी भी सौंपी गई।
कराची किंग्स ने बनाया सबसे महंगा खिलाड़ी
IPL 2025 में अनसोल्ड रहने के बाद भी वॉर्नर का जलवा खत्म नहीं हुआ। पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2025 के ड्राफ्ट में कराची किंग्स ने उन्हें रिकॉर्ड-ब्रेकिंग 3 लाख डॉलर (USD 300,000) में खरीदा, जिससे वह PSL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए।
कराची किंग्स पिछले तीन सीजन से प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही है, और टीम को एक अनुभवी लीडर की जरूरत थी। वॉर्नर की आक्रामक बल्लेबाजी और उनकी कप्तानी का अनुभव देखते हुए, टीम ने उन्हें सिर्फ साइन ही नहीं किया बल्कि कप्तान भी बना दिया।
PSL 2025 में कप्तानी संभालेंगे वॉर्नर
कराची किंग्स ने शान मसूद को हटाकर डेविड वॉर्नर(David Warner)को PSL 2025 के लिए कप्तान नियुक्त किया है। वॉर्नर ने इससे पहले बिग बैश लीग (BBL) 2024-25 में सिडनी थंडर को फाइनल तक पहुंचाया था। यह वही खिलाड़ी हैं, जिन पर 2018 में बॉल टैंपरिंग विवाद के चलते क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने आजीवन कप्तानी का प्रतिबंध लगा दिया था।
लेकिन 2023 में यह बैन हटा लिया गया, और इसके बाद उन्होंने खुद को एक सफल लीडर के रूप में साबित किया।
कराची किंग्स के कप्तान बनने के बाद वॉर्नर ने कहा, “हमारे पास शानदार टीम है और मैं कप्तानी को लेकर काफी उत्साहित हूं।” PSL 2025 में अब सभी की नजरें वॉर्नर पर होंगी। क्या वह कराची किंग्स को दूसरी बार चैंपियन बना पाएंगे या फिर यह फैसला गलत साबित होगा? यह देखना दिलचस्प होगा।